पानीपत | सीआईए थ्री पुलिस टीम ने नूरवाला, दिनानाथ कॉलोनी में रात हुई फायरिंग मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 देसी पिस्तौल, 6 रॉन्ड और 1 खोला बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
मामला:
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि दिनानाथ कॉलोनी निवासी मोहन उर्फ शिव ने थाना तहसील कैंप में शिकायत दर्ज कराई थी। मोहन ई-रिक्शा चलाते हैं और उन्हें कुछ समय पहले एक नंबर से वॉट्सऐप पर 50 हजार रुपये की मांग और धमकी मिली थी। 9 सितंबर की रात करीब 12 बजे किसी ने उनके घर की बेल बजाई और गोली चली। मोहन ने डर के कारण बाहर नहीं निकले। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवकों को गोली चलाते देखा गया।
पुलिस कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के निर्देश पर सीआईए थ्री टीम ने सोमवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर आरोपियों को सेक्टर 25, जिमखाना क्लब के पास खाली मैदान से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान आकाश (जावा कॉलोनी) और पिंकू (इंद्रा कॉलोनी) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आकाश के पास 3 देसी पिस्तौल और 4 रॉन्ड, जबकि पिंकू के पास 2 देसी पिस्तौल, 2 रॉन्ड और 1 खोला बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में फायरिंग की वारदात और मोहन से जबरन वसूली करने की बात स्वीकार की।
पिछली घटनाओं में भी शामिल:
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपियों ने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ 12 अगस्त को वधावाराम कॉलोनी में मारपीट और 19 अगस्त को नूरवाला, इंद्रा विहार कॉलोनी में गोदाम संचालक मोहन पर हमला करने की वारदातों को भी स्वीकार किया। आरोपियों पर पहले से मारपीट, जानलेवा हमला, चोरी का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत 8-8 मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिमांड और आगे की कार्रवाई:
दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी और असला सप्लायर के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी।