हरियाणा। हरियाणा सरकार सोमवार से पूरे राज्य की तहसीलों में पेपरलेस वर्क सिस्टम शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत कुरुक्षेत्र की बाबैन तहसील से इस डिजिटल पहल का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत तहसील में पेपरलेस रजिस्ट्री, निगरानी प्रणाली और व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा की शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री और राजस्व से जुड़ी सभी सेवाओं को पूर्ण रूप से कागज़ रहित और पारदर्शी बनाना है।
मुख्य समारोह कुरुक्षेत्र के लाडवा उपमंडल में होगा, जहां मुख्यमंत्री सैनी मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मंच साझा करेंगे। वहीं केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल जिले के उपमंडल में मुख्य अतिथि होंगे।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरुग्राम में कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) योजना एवं कॉरपोरेट अफेयर्स राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि रहेंगे। सिरसा में पूर्व मंत्री और हरियाणा लोकहित पार्टी अध्यक्ष गोपाल कांडा को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
योजना के प्रमुख लाभ
पेपरलेस रजिस्ट्री से नागरिकों को तहसील या उप-रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सभी दस्तावेज़ पहले ही ऑनलाइन अपलोड और सत्यापित किए जा सकेंगे। रजिस्ट्री के दिन केवल मूल काग़ज़ लेकर दफ्तर आना होगा, जहां बायोमैट्रिक और हस्ताक्षर की औपचारिकता पूरी की जाएगी।
व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से आवेदन की स्थिति, फीस और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे समय, मेहनत और बिचौलियों पर होने वाला खर्च बचेगा और सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेंगे।
नेताओं की ड्यूटी और सहभागिता
सोमवार को हर जिले और उपमंडल में मंत्री, सांसद और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रमुख शामिल होंगे:
- ऊर्जा मंत्री अनिल विज (अंबाला कैंट)
- विधायक पवन सैनी (नारायणगढ़)
- पूर्व मंत्री असीम गोयल (अंबाला सिटी)
- राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल (फरीदाबाद)
- खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नगर (तिगांव)
- विधायक मूलचंद शर्मा (बल्लबगढ़)
- खेल मंत्री गौरव गौतम (पलवल)
- उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह (बदशाहपुर)
- विधायक मुकेश शर्मा (गुरुग्राम)
- विधायक तेजपाल तंवर (सोहना)
- लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा (हिसार)