29 September, 2025
दुबई में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पाँच विकेट से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप जीतकर महाद्वीपीय क्रिकेट में अपना दबदबा और मज़बूत किया।
पाकिस्तान ने शानदार शुरुआत की थी और एक समय 113/1 पर खेल रहा था, लेकिन कुलदीप यादव और भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाज़ी ने पूरी टीम को 146 रन पर समेट दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के शुरुआती बल्लेबाज़ लड़खड़ाए, लेकिन तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की मैच जिताऊ पारी और शिवम दुबे के आखिरी क्षणों में लगाए गए बड़े शॉट्स ने दो गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी।बीसीसीआई ने इस जीत को सिर्फ खिताबी जीत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान पर दबदबे का स्पष्ट संदेश बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में बोर्ड ने लिखा – “3 झटके। कोई जवाब नहीं। एशिया कप चैंपियन। संदेश पहुँचा।
भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेले गए सभी तीन मुकाबले जीते और इस वर्चस्व के जश्न में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों व सहयोगी स्टाफ़ को 21 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की।यह जीत न केवल भारत के क्रिकेट कौशल और संयम का परिचायक बनी, बल्कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता में एक और ऐतिहासिक पल जोड़ते हुए करोड़ों प्रशंसकों को गर्व और खुशी से भर दिया।