Bilaspur, Subhash
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बिलासपुर-घट्टू रूट पर मंगलवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। नशे में धुत कंडक्टर की वजह से यह रूट प्रभावित हुआ और बस यात्रियों के बिना ही वापस लौटनी पड़ी।
सूत्रों के अनुसार सोमवार शाम को बस घटटू रूट पर भेजी गई थी। लेकिन सुबह जब बस को बिलासपुर लौटना था, उस समय कंडक्टर शराब के नशे में सोया पड़ा रहा। चालक द्वारा कई बार जगाने पर भी वह ड्यूटी के लिए तैयार नहीं हुआ। इस पर चालक ने तुरंत प्रबंधन को सूचित किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए डिपो के डिप्टी डीएम विवेक लखनपाल ने इंस्पेक्टर सहित टीम को मौके पर भेजा और पुलिस को भी जानकारी दी। कंडक्टर का मेडिकल घुमारवीं सिविल अस्पताल में करवाया गया। बताया जा रहा है कि यह कंडक्टर पहले शिमला डिपो में भी ड्यूटी के दौरान नशे की वजह से निलंबित किया गया था और ट्रांसफर के बाद बिलासपुर डिपो में तैनात हुआ था।
डिप्टी डीएम विवेक लखनपाल ने कहा कि ऐसे गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।