गोहाना। बीते एक माह में गोहाना के 4,310 परिवार बीपीएल सूची से बाहर हो गए हैं। जिलेभर में यह आंकड़ा 19 हजार से अधिक पहुंच गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बीपीएल और एएवाइ (अंत्योदय अन्न योजना) कार्ड धारकों को राशन व सरसों का तेल वितरण के लिए नई सूची जारी कर दी है।
अक्टूबर 2025 में गोहाना में 58,353 बीपीएल कार्ड धारकों को राशन मिलेगा, जबकि सितंबर में यह संख्या 62,663 थी।
क्यों घटे कार्ड धारक?
राज्य सरकार ने कुछ वर्ष पहले बीपीएल और एएवाइ कार्ड बनाने की प्रक्रिया को आसान करने के लिए परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के जरिए वार्षिक आय आधारित ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया था। इसके बाद दो-तीन वर्षों में कार्ड धारकों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
सरकार को शक हुआ कि कई परिवारों ने पीपीपी में गलत जानकारी दर्ज की है। इसी कारण विभाग ने वाहन पंजीकरण डाटा को लाभार्थियों के रिकॉर्ड से जोड़ा। जांच में सामने आया कि अनेक बीपीएल कार्ड धारक वाहन मालिक भी हैं। ऐसे लोगों के कार्ड रद्द कर दिए गए।
इसके अलावा, सरकार ने 30 जून तक सभी बीपीएल कार्डधारकों को ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य कर दिया था। इसमें आधार नंबर और अन्य विवरण अपडेट कराना जरूरी था। अपात्र लोग ई-केवाईसी से पीछे हट गए, जिससे वास्तविक डेटा सामने आया और बड़ी संख्या में बीपीएल कार्ड रद्द हो गए।
आंकड़े
सितंबर 2025 की स्थिति
- गोहाना: 30,955 कार्ड – 1,15,409 यूनिट
- कथूरा: 12,014 कार्ड – 44,521 यूनिट
- मुंडलाना: 19,694 कार्ड – 72,013 यूनिट
कुल: 62,663 कार्ड – 2,31,943 यूनिट
अक्टूबर 2025 की स्थिति
- गोहाना: 28,573 कार्ड – 1,10,065 यूनिट
- कथूरा: 11,259 कार्ड – 42,867 यूनिट
- मुंडलाना: 18,521 कार्ड – 69,221 यूनिट
कुल: 58,353 कार्ड – 2,22,152 यूनिट