गुरुग्राम। एयर इंडिया और एयरबस ने गुरुग्राम स्थित एयर इंडिया एविएशन ट्रेनिंग अकादमी में एडवांस पायलट ट्रेनिंग केंद्र स्थापित किया है। इस केंद्र में 5,000 से अधिक नए पायलटों को प्रशिक्षित किया जाएगा। केंद्रीय उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मंगलवार को इस ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में एयरबस के वाणिज्यिक विमान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिश्चियन शेरर, एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ कैंपबेल विल्सन, तथा टाटा समूह, एयर इंडिया और एयरबस के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ट्रेनिंग सेंटर की विशेषताएं
- यह सेंटर 12,000 वर्ग मीटर में फैला हुआ है।
- इसमें 10 पूर्ण उड़ान सिम्युलेटर, एडवांस क्लासरूम और ब्रीफिंग कक्ष शामिल हैं।
- ट्रेनिंग केंद्र एयरबस A320 और A350 विमान परिवार के पायलटों के लिए डिज़ाइन किया गया है।
- पाठ्यक्रम को उच्चतम वैश्विक मानकों के अनुसार तैयार किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन के अवसर पर कहा, “एयर इंडिया के एविएशन ट्रेनिंग अकादमी में एयर इंडिया-एयरबस पायलट ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन करना सम्मान की बात है। यह अवसर एयरबस बोर्ड के चेयरमैन रेने ओबरमैन और एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन के साथ साझा कर पाना गर्व की बात है।”