यमुनानगर। जिले के साढौरा क्षेत्र के गांव सरांवा के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने भिड़े दो तेज रफ्तार ट्रकों में से एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ट्रक तेज गति से आ रहे थे और सरांवा गांव से कुछ ही दूरी पर अचानक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। दृश्य देखकर लोग दंग रह गए। एक चालक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में ट्रक में फंसा हुआ था, जबकि दूसरे चालक की दोनों टांगें टूट चुकी थीं। ग्रामीणों ने किसी तरह घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेजा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर हादसे आम हो चुके हैं। बावजूद इसके न तो भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाया गया है और न ही सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं।