फरीदाबाद | जिले के धौज थाना क्षेत्र के नेकपुर गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 32 वर्षीय कर्मवीर ने अपनी तीन बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना में कर्मवीर और उसकी 10 वर्षीय बड़ी बेटी छवि की मौत हो गई, जबकि दो छोटी बेटियां निशु (8 वर्ष) और सृष्टि (6 वर्ष) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार, कर्मवीर अपनी बेटियों के साथ घर के बाहर बने पशु बांधने वाले बाड़े में सोता था। शुक्रवार सुबह करीब 4:30-5 बजे के बीच उसने सबसे पहले बेटियों को और फिर खुद को फंदे पर लटका लिया। जब परिवार का एक सदस्य वहां पहुंचा, तो उसने चारों को फंदे पर देखा। शोर मचने पर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
धौज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दो बच्चियों की सांसें चल रही थीं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कर्मवीर और बड़ी बेटी छवि की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सनसनी तब बढ़ी जब पता चला कि कर्मवीर ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी चंचल, सास बबिता, सालियां ज्योति और पूजा, और पत्नी की बुआ पूनम पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि ये सभी महिलाएं वेश्यावृत्ति में लिप्त हैं और उसने तथा उसकी पत्नी को इसमें कई बार फंसाने की कोशिश की।
गांव वालों के अनुसार, कर्मवीर और उसका परिवार पिछले डेढ़ साल से पारिवारिक विवाद और तनाव में था। पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के ससुराल पक्ष और अन्य परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक तनाव और विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, और वीडियो की भी जांच जारी है।