रादौर | रादौर अनाज मंडी के सामने लंबे समय से बंद पड़ी हैफेड राइस मिल अब फिर से चालू होने जा रही है। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के प्रयासों के परिणामस्वरूप हैफेड ने इस मिल का संचालन अगले पांच वर्षों के लिए सुरभि राइस मिल को ठेके पर सौंपा है। मिल के पुनः संचालन को लेकर आज एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री के पुत्र और भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा ने इसे किसानों और व्यापारियों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों और आढ़तियों की मांग पर लिया गया, जिन्होंने कृषि मंत्री से मिल को दोबारा चालू करवाने का अनुरोध किया था।
हैफेड राइस मिल के मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि मिल पिछले दो वर्षों से बंद था। रादौर क्षेत्र में राइस मिल की कमी के कारण मंडी में अक्सर धान उठाने में कठिनाइयाँ आती थीं। उन्होंने कहा कि अब मिल को 11 लाख 85 हजार रुपये वार्षिक किराए पर पांच साल के लिए सौंपा गया है, जिसमें प्रत्येक वर्ष 5% की बढ़ोतरी का प्रावधान है।
नेपाल सिंह राणा ने कहा कि जब मिल का संचालन खेती से जुड़े किसी व्यक्ति द्वारा किया जाएगा, तो व्यवसाय की चुनौतियों और समस्याओं को बेहतर समझा जा सकेगा, जिससे किसानों और व्यापारियों दोनों को लाभ होगा।