झज्जर | आज सुबह झज्जर के दादरी तोय के पास नेशनल हाईवे पर एक निजी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 52 यात्रियों में से 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि ट्रक चालक भी चोटिल हुआ है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की झपकी (नींद) को इस हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बस सिलानी गेट झज्जर से फरुखनगर की ओर जा रही थी और इसमें ज्यादातर निजी कंपनी के कर्मचारी सवार थे। सुबह लगभग 7 बजे ट्रक चालक अचानक झपकी में आ गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया और बस से जोरदार टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से ट्रक चालक को मौके से बाहर निकाला गया। झज्जर पुलिस और एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायल यात्रियों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। हादसे के बाद ट्रक और बस दोनों को क्रेन से हटाया गया, जिससे हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।