अमृतसर | रावी दरिया में बाढ़ के कारण टूट चुके धुस्सी बांध को जोड़ने का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है कि जम्मू-कश्मीर में 5 से 7 अक्तूबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में अमृतसर समेत पंजाब के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए जिला उपायुक्त (डी.सी.) साक्षी साहनी ने लोगों को नदी किनारों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
पिछले दिन रावी दरिया से 28,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, लेकिन बांध टूटे होने के कारण नदी की पूरी क्षमता (चार लाख क्यूसेक से अधिक) का असर अभी तक महसूस नहीं हो सका। जिले के घोनेवाला सहित कुछ प्रमुख स्थानों पर सेना, स्थानीय संगठन और एनजीओ की मदद से बांध जोड़ने का कार्य किया गया है।
अब तक रावी के टूटे किनारों से बाढ़ के पानी के कारण 196 गांव प्रभावित हो चुके हैं, और धान की फसल बर्बाद हो गई है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर जनता से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और किनारे पार खेती करने वाले किसान भी अभी खेतों तक न जाएं। प्रशासन की टीमें 24 घंटे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। डी.सी. साहनी ने कहा, “हालात नियंत्रण में हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।