नई दिल्ली। दक्षिण एशिया में भूकंप के झटकों ने लोगों को डर में डाल दिया। भारत, पाकिस्तान और म्यांमार के विभिन्न हिस्सों में अचानक धरती हिली, जिससे नागरिकों में हड़कंप मच गया। हालांकि, अभी तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जम्मू-कश्मीर में रात 2:47 बजे झटके
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रविवार रात करीब 2:47 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 3.6 रिक्टर थी और इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे था। रात के समय अधिकतर लोग घरों में सो रहे थे, लेकिन झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर आए। किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
पाकिस्तान में शाम को महसूस हुए झटके
रविवार शाम पाकिस्तान के उत्तरी हिस्सों में भी तेज झटके महसूस किए गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई शहरों में लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
म्यांमार में लगातार भूकंप, लोगों में दहशत
म्यांमार में भूकंप का सिलसिला जारी है। बीती रात मध्य म्यांमार में 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। यह पिछले एक हफ्ते में तीसरी बार है जब म्यांमार में धरती हिली। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर खुले मैदानों और पार्कों की ओर भागे। लगातार झटकों से कई इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय प्रशासन ने दी चेतावनी
प्रशासन ने लोगों से ऊंची इमारतों में जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है। वैज्ञानिकों ने भी नागरिकों से भूकंप सुरक्षा उपाय अपनाने की हिदायत दी है।