चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह आज (सोमवार) अपने पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पार्टी मुख्यालय, सेक्टर-9बी, चंडीगढ़ में दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शपथ ग्रहण से पहले सोमवार सुबह सोनीपत के एनएच-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राव नरेंद्र सिंह का फूल मालाओं और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा पहले से अधिक मजबूत हो रहा है।
भिगान टोल प्लाजा पर पत्रकारों से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा द्वारा लगाए जा रहे गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान का निर्णय सर्वमान्य है और संगठन के सभी नेता मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे। भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर किया जाएगा।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के चयन से पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, जिससे कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा। उन्होंने बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा की भी सराहना की और कहा कि यह कदम संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजेव दहिया भी इस मौके पर मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे:
- हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद
- पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा
- निवर्तमान अध्यक्ष चौ. उदय भान
- एआईसीसी सचिव एवं सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल
- प्रफुल्ल विनोदराव गुडधे
- सांसद, विधायक, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक
- जिला कांग्रेस अध्यक्ष और विभिन्न संगठनों व प्रकोष्ठों के प्रमुख
प्रदेश कांग्रेस ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आह्वान किया है।