मुंबई | घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में हल्की बढ़त के साथ 88.74 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, रुपया सीमित दायरे में ही कारोबार कर रहा है, जबकि विदेशी निवेश की निकासी और वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का दबाव भी इस पर बना हुआ है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.75 पर खुला और फिर 88.74 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की मजबूती दर्शाता है। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.79 पर बंद हुआ था, जो आठ पैसे कमजोर था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत बढ़कर 98.05 पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में भी तेजी रही, सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 67.62 अंक चढ़कर 81,274.79 अंक पर और निफ्टी 22.3 अंक बढ़कर 24,916.55 अंक पर पहुंच गया।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.47 प्रतिशत बढ़कर 65.48 डॉलर प्रति बैरल रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुद्ध रूप से 1,583.37 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।