करनाल | करनाल के पुराने बस स्टैंड के पीछे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शेर सिंह नामक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाना खाते समय किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
थाना सिविल लाइन प्रभारी रामलाल ने बताया कि कुछ समय पहले किसी व्यक्ति पर हमला होने की सूचना मिली थी। इससे पहले कि पुलिस पहुंचती, डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि खाने-पीने के दौरान आपसी झगड़ा हुआ था। फिलहाल आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पत्नी का बयान : “मेरे पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी”
मृतक की पत्नी मीरा ने बताया कि घटना के समय उनके पति घर के बाहर थे। अचानक वे जमीन पर गिर पड़े, और जब उन्होंने पास जाकर देखा तो शेर सिंह खून से लथपथ थे। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मीरा ने बताया कि उनका परिवार पुराने बस स्टैंड के पीछे झुग्गियों में रहता है और पति दिहाड़ी मजदूरी करते थे। उन्होंने कहा कि शेर सिंह की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। यह घटना पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल गई है।