नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई पर हुए हमले के बाद उन्हें फोन कर आश्वासन और समर्थन दिया। प्रधानमंत्री ने इस घटना को बेहद परेशान करने वाला और निंदनीय बताया और कहा कि ऐसे कृत्यों की सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है।
पीएम मोदी का बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर जानकारी दी कि उन्होंने सीजेआई गवई से बात की। उन्होंने लिखा: “आज सुबह सुप्रीम कोर्ट परिसर में हमारे मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति बी.आर. गवई जी पर हुए हमले से हर भारतीय क्षुब्ध है। हमारे समाज में ऐसे निंदनीय कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है। यह अत्यंत निंदनीय है।”
उन्होंने साथ ही सीजेआई के धैर्य की भी सराहना की और कहा कि यह न्याय और संविधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हमले का पूरा विवरण
आरोपित वकील सुप्रीम कोर्ट परिसर में सीजेआई के पास गया और अपना जूता फेंकने की कोशिश की। सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और हमले को रोका। आरोपी को तुरंत अदालत परिसर से बाहर ले जाया गया। रास्ते में उसने “सनातन का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए।
मुख्य न्यायाधीश की प्रतिक्रिया
इस घटना के दौरान सीजेआई गवई शांत और संयमित रहे। उन्होंने कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों से कहा कि वे अपनी दलीलें जारी रखें और इस घटना से विचलित न हों। सीजेआई ने कहा:“ये सब मुझे प्रभावित नहीं करता।”