हरियाणा | हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, IGP PTC सुनारियां, वाई पूर्ण कुमार का चंडीगढ़ स्थित आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार अधिकारी ने अपने सेक्टर 11 स्थित घर के बेसमेंट में सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
वाई पूर्ण कुमार 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उनके निधन की वजहों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय उनकी पत्नी, सीनियर आईएएस पी. अमनीत कुमार, जापान में मुख्यमंत्री के साथ दौरे पर थीं।
मृत्यु की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार यह मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
चंडीगढ़ और हरियाणा प्रशासन ने फिलहाल सार्वजनिक टिप्पणी से परहेज किया है। घटना से प्रदेश में शोक की लहर फैल गई है और वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया को तुरंत तेज करने के निर्देश दिए हैं।