चंडीगढ़ | हरियाणा कांग्रेस की अहम बैठक चंडीगढ़ में जारी है, जिसमें जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीतिक चर्चा की जा रही है। बैठक में प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल और सह-प्रभारी प्रफुल्ल गुड़धे उपस्थित हैं।
बैठक का उद्देश्य पार्टी संगठन को सुदृढ़ करना, आगामी चुनाव रणनीति पर चर्चा करना और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कल दोपहर चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सेक्टर-9बी में अपने पद का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के चेयरमैन, यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठनात्मक बदलाव, जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों में बेहतर रणनीति बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।