मंडी | आइआइटी मंडी को यूनिवर्सिटी ऑफ द ईयर के अवॉर्ड से नवाजा गया है। पिछले कल दिल्ली में आयोजित एक समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गड़करी ने आइआइटी मंडी के डायरेक्टर प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा को यह अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। बता दें कि आइआइटी मंडी ने हिमालय क्षेत्र में 400 स्टार्टअप्स को शुरू किया, नई खोज के सहारे रोजगार सृजन और उद्यमिता में बेहतर काम किया है और अभी भी कर रहा है।
आइआइटी मंडी के डायरेक्टर प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि यह सम्मान पूरे आइआइटी के लिए गर्व का क्षण है। यह संस्थान की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत नवाचार और उद्यमिता की एक सशक्त संस्कृति का निर्माण किया जा रहा है। इस खोज से राष्ट्र की प्रगति को गति मिल रही है। उन्होंने इस उपलब्धि को आइआइटी के सदस्यों, छात्रों और कर्मचारियों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि निष्ठा और रचनात्मकता ने आइआइटी मंडी को एक वास्तव में परिवर्तनकारी संस्थान बनाया है। अनुसंधान के व्यावहारिक उपयोग, नवाचार प्रधान पाठ्यक्रम और रणनीतिक उद्योग साझेदारी पर बल देते हुए, आइआइटी मंडी ऐसे पेशेवरों और नवोन्मेषकों को तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान दें।