कानपुर | कानपुर शहर में मेस्टन रोड पर एक तेज धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी में हुआ, जिससे आसपास की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और लोगों में दहशत फैल गई।
धमाके से हड़कंप, दुकानें क्षतिग्रस्त
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज एक से डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनी गई। पास की खिलौनों की दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर खिलौनों का मलबा बिखर गया।
विस्फोट में आठ लोग घायल हुए, जिनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि छह गंभीर रूप से झुलसे हुए मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।धमाके के असर से मरकज मस्जिद की दीवारों में दरारें भी आ गईं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते (BDS) और फॉरेंसिक टीम (FSL) ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला पटाखों के फटने से हुआ विस्फोट प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि “अगर कोई बड़ा विस्फोटक इस्तेमाल हुआ होता, तो स्कूटी का पूरा अगला हिस्सा उड़ जाता और आसपास की दीवारें भी टूट जातीं।”
ATS और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटीं
धमाके की गंभीरता को देखते हुए यूपी एटीएस, बम निरोधक दस्ते, और फॉरेंसिक लैब की टीमें मौके पर मौजूद हैं और साक्ष्य एकत्र कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के असली कारण का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस अधिकारी का बयान
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने बताया कि धमाका शाम करीब 7:15 बजे हुआ था। स्कूटी की पहचान कर ली गई है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि धमाके के समय वाहन किसके पास था।
उन्होंने कहा कि “फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह दुर्घटना थी या किसी साजिश का हिस्सा, जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी।”
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, लोगों से सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।