Shimla, Sanju
करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही राजधानी शिमला के बाजारों में रौनक लौट आई है। मौसम के बदले मिजाज के बावजूद सुहागिन महिलाओं का उत्साह चरम पर है। लोअर बाजार से लेकर मॉल रोड तक महिलाओं की भारी भीड़ खरीदारी में जुटी नजर आई। चूड़ियों, डिजाइनर थालियों, पूजा सामग्री और सुहाग के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं।
महिलाएं इस अवसर पर सोलह शृंगार की वस्तुएं, साड़ी, सजावटी सामान और पारंपरिक पूजा सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि बीते दो दिनों से बाजारों में ग्राहकों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है।महिलाओं ने बताया कि करवा चौथ का व्रत पति की लंबी उम्र और वैवाहिक सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। इस दिन सुहागिनें निर्जला व्रत रखकर चंद्रमा के दर्शन के बाद ही व्रत तोड़ती हैं। परंपरा के अनुसार, व्रत से पहले सरगी खाई जाती है और शाम को पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना की जाती है।
इस बीच, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने करवा चौथ पर विवाहित जोड़ों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की है। निगम ने बताया कि 9 और 10 अक्तूबर को राज्य के सभी एचपीटीडीसी होटलों में ठहरने वाले शादीशुदा जोड़ों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही, करवा चौथ मनाने आने वाले अतिथियों के लिए सरगी और पूजा की थाली भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।