जालंधर/अमृतसर | पंजाब के मशहूर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुम्मन का वीरवार को निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान उन्हें दो बार दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर से पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिंदर का पार्थिव शरीर देर रात जालंधर स्थित उनके घर लाया गया, जहां परिवार और परिचितों में मातम छा गया। घर के बाहर भारी भीड़ जमा रही, और लोग नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर लगभग 3 बजे मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, वरिंदर घुम्मन अपने मॉडल हाउस स्थित जिम में वर्कआउट कर रहे थे, जब कंधे में नस दबने से उन्हें दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर इलाज के लिए अमृतसर रेफर किया गया। वहीं ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार और दोस्तों ने जताई अस्पताल प्रबंधन पर नाराजगी
परिजनों और करीबी मित्रों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की गलती और बेहोशी की दवा की गलत खुराक के कारण वरिंदर की जान गई। उनके करीबी अनिल गिल ने पूरे मामले की जांच की मांग की है और यह जानने की कोशिश की है कि वरिंदर का शरीर अचानक नीला क्यों पड़ गया।
अस्पताल में मौजूद परिजनों और दोस्तों ने वीडियो बनाकर भी फोर्टिस अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगाए। घटना के बाद अमृतसर फोर्टिस अस्पताल में हंगामा मच गया, और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में लगी रही।