हमीरपुर | जिला से लिया गया पनीर व गार्लिक जिंजर पेस्ट (लहसुन-अदरक पेस्ट) का सैंपल फेल हो गया है। सैंपल फेल होने की सूरत में अब संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस की अवहेलना करने पर दुकानदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर का सैंपल धनेटा बाजार जबकि गार्लिक जिंजर पेस्ट का सैंपल दंगड़ी से लिया था। सैंपल को जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा गया था। हाल ही में प्रयोगशाला की तरफ से प्राप्त हुई रिपोर्ट में पनीर व गार्लिक जिंजर पेस्ट का सैंपल फेल पाया गया है। रिपोर्ट प्राप्ति के उपरांत अब विभाग मामले में आगामी कार्रवाई कर रहा है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि ऐसे मामलों में जुर्माने तथा कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। यदि नियमानुसार दुकानदारों ने जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया तो मामला आगामी कार्रवाई हेतू जाएगा। नोटिस मिलने पर दुकानदारों को अपना पक्ष रखना होगा। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नादौन उपमंडल के धनेटा तथा दंगड़ी क्षेत्र में खाद्य वस्तुओं का निरीक्षण कर सेंपल भरे थे। निरीक्षण के दौरान शंका के आधार पर पनीर, गार्लिक जिंजर पेस्ट तथा अन्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भरे गए थे। सैंपल को जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा गया था। कंडाघाट लैब से प्राप्त हुई रिपोर्ट चौंकाने वाली रही है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि धनेटा तथा दंगड़ी से पनीर व गार्लिक जिंजर पेस्ट का लिया गया सैंपल फेल पाया गया है। ऐसे में संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। कुछ माह पहले सैंपल जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजे गए थे। हाल ही में इनकी रिपोर्ट प्राप्त हुई है।