पलवल। पलवल के अलावलपुर चौक स्थित कार रिपेयरिंग की दुकान में देर रात अचानक आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान और तीन कारें जलकर राख हो गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
मालिक काशीपुर गांव निवासी पवन ने बताया कि उनकी दुकान में शाम तीन कारें मरम्मत के लिए आई थीं। उन्होंने कारों को दुकान में खड़ी कर काम खत्म करने के बाद घर लौट गए। रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि दुकान में आग लगी हुई है। पवन तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। कुछ ही मिनटों में कीमती उपकरण और तीन कारें जलकर राख हो गईं।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा पूरा सामान नष्ट हो चुका था। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने इलाके में खौफ और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। दुकान मालिक ने बताया कि नुकसान बहुत अधिक हुआ है और अभी भविष्य की योजना पर विचार कर रहे हैं।