नूंह। मंगलवार को नूंह की अनाज मंडी में होने वाला वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह अचानक स्थगित कर दिया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था। देर रात सरकार की ओर से जारी आदेशों में कार्यक्रम रद्द किए जाने की जानकारी दी गई। जिले के उपायुक्त अखिल पिलानी ने कार्यक्रम स्थगित होने की पुष्टि की है।
कार्यक्रम में करीब 50 करोड़ रुपये की 13 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित था। प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। अनाज मंडी में टीन शेड के नीचे मंच बनाया गया था और लगभग तीन हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई थीं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या से जुड़े विवाद के चलते यह निर्णय लिया गया है। हालांकि उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम स्थगित होने के सटीक कारणों की जानकारी नहीं है, लेकिन संभावना है कि इसके लिए जल्द ही नई तारीख तय की जाएगी।