हिसार | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने सेंट्रल जेल-2, गंगवा रोड से सत्र न्यायालय में नियमित जमानत याचिका दायर की है।
अदालत ने पुलिस को नोटिस जारी किया
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डा. परमिंद्र कौर की अदालत ने सिविल लाइन थाना पुलिस को 17 अक्टूबर तक जवाबदावा पेश करने का आदेश दिया है। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अदालत जमानत याचिका पर फैसला करेगी। वहीं, मुकदमे की अगली सुनवाई बुधवार को होगी।
गिरफ्तारी और रिमांड
सिविल लाइन थाना पुलिस ने 16 मई को न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे दो बार रिमांड पर लेकर पूछताछ की और 26 मई को अदालत में पेश कर सेंट्रल जेल-2 में भेज दिया। तब से वह जेल में बंद है और मामला अदालत में विचाराधीन है। पुलिस ने इस मामले में चालान भी पेश कर दिया है।