मापुटो/नई दिल्ली। मोज़ाम्बिक के बेरा बंदरगाह (Beira Port) के पास एक दर्दनाक नौका हादसे में कम से कम तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य अब भी लापता हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक तेल टैंकर के चालक दल के सदस्यों को एक लॉन्च नाव के माध्यम से जहाज तक पहुंचाया जा रहा था।
भारतीय उच्चायोग ने जानकारी दी कि यह हादसा शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार हुआ। नाव में कुल 14 भारतीय सवार थे। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। अब तक पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें से एक घायल व्यक्ति को बेरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारतीय उच्चायोग की ओर से बताया गया कि नाव किन परिस्थितियों में पलटी, इसकी जांच जारी है। एक भारतीय कांसुलर अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाए गए भारतीयों से मिल रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन, समुद्री सुरक्षा एजेंसियां और भारतीय मिशन संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। लापता पांच भारतीयों की खोज लगातार जारी है। भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि वे मृतकों और लापता नागरिकों के परिवारों के संपर्क में हैं और हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।