मोगा। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मोगा जिले में पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षा और आपात स्थिति की पूरी तैयारी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग ने इमरजेंसी स्टाफ को अलर्ट कर दिया है और चमड़ी रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग समेत अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। जिले में प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और शहर के एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से दीपावली मना सकें।
एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया गया है और जिले में फ्लैग मार्च भी आयोजित किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फायर ब्रिगेड विभाग ने आपात स्थितियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 01636-220123 और 101 जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में बर्न वार्ड तैयार कर दिया है। इमरजेंसी इंचार्ज डॉ. कुलदीप कुमार ने बताया कि दीपावली की रात पटाखों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपाली सेठी, चमड़ी रोग विशेषज्ञ डॉ. जसप्रीत कौर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनिंदरजीत सिंह और सर्जन डॉ. अरबाज गिल को तैनात किया गया है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ पटाखे जलाने, खुले स्थान में पटाखे फोड़ने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी। इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने बताया कि पटाखे वाले स्टाल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और गैरकानूनी स्टाल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर में हर चौराहे पर पुलिस पार्टी तैनात रहेगी और शांति बनाए रखने के लिए नाकाबंदी भी की जाएगी।
इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हिंदू-सिख भाईचारे का यह प्रमुख पर्व सभी लोग मिलजुल कर पूरी सुरक्षा और शांति के साथ मना सकें।