18 अक्टूबर, 2025
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने शनिवार को पुष्टि की कि पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले में पाकिस्तान की हवाई कार्रवाई में तीन अफगान क्रिकेटरों की मौत हो गई है।
ACB ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर बताया कि इस घटना में क्रिकेटर कबीर, सिबगातुल्ला और हारून सहित आठ लोगों की मौत हुई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। ये सभी खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शराना में एक स्थानीय मैच खेलने पहुंचे थे, तभी हमला हुआ।
अफगानिस्तान का कड़ा रुख:
इस दुखद घटना के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 ट्राई सीरीज से अपना नाम वापस लेने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने इसे अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया है।
अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने एक्स पर लिखा –पाकिस्तान की हवाई कार्रवाई में मारे गए नागरिकों और क्रिकेटरों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं। यह निर्दोष लोगों पर हमला है। मैं अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के फैसले का समर्थन करता हूं और अपने देश के साथ खड़ा हूं।”
सीमा पर बढ़ा तनाव:
हाल ही में दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर आपसी सहमति बनी थी, लेकिन इसके बाद हुए इस हमले से तनाव फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान सरकार ने इस कार्रवाई को “सीजफायर का उल्लंघन” बताया है।