पानीपत। शहर की देशराज कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय सद्दाम के रूप में हुई है, जो आठ बच्चों का पिता था और एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों ने मृतक के ही पांच दोस्तों पर सिर पर शराब की बोतल और ईंट से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में आरोपी नजर आने का दावा
मृतक के भाई इलियास ने बताया कि घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पांचों आरोपी नजर आ रहे हैं। इलियास के अनुसार सभी आरोपी सद्दाम के दोस्त थे और आए दिन उसके साथ शराब पीते थे।
अवैध संबंध को लेकर विवाद की आशंका
मृतक के एक अन्य मित्र ने बताया कि फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला से सद्दाम के कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर उसके दोस्त बृजू, कृष्ण, अजय और दो अन्य व्यक्तियों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि आरोपितों ने उसे पहले भी फैक्ट्री आने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना की रात हुआ हमला
बताया गया कि गुरुवार रात सद्दाम फैक्ट्री पहुंचा तो आरोपितों से फिर कहासुनी हो गई। इसी दौरान उन्होंने मिलकर उस पर शराब की बोतल और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसने दम तोड़ दिया।
शव परिजनों को सौंपा, पोस्टमार्टम नहीं
तहसील कैंप थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों की मांग पर बिना पोस्टमार्टम के शव सौंप दिया गया।
कम उम्र में हुई थी शादी, मजदूरी कर चलाता था घर
मृतक के भाई ने बताया कि सद्दाम की शादी मात्र 17 वर्ष की उम्र में हुई थी, जबकि उसकी पत्नी तब 16 साल की थी। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।