झबाल | अड्डा झबाल स्थित प्रमुख सेनेटरी और हार्डवेयर शोरूम ‘रमन एंड संस’ में बीती रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने रातभर कड़ी मशक्कत की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही घंटों में पूरी दुकान जलकर राख हो गई।
चेयरमैन रमन कुमार और दुकान मालिक निकुल धोनी ने बताया कि वे रोज़ की तरह दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद ही पड़ोसियों ने फोन करके दुकान से धुआं निकलने की जानकारी दी। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और शटर खोलते ही अंदर से लपटें उठती देख दंग रह गए। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर मदद जुटाई और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।
सूचना मिलते ही तरनतारन से अतिरिक्त दमकल गाड़ियाँ बुलाई गईं। लाख प्रयासों के बावजूद दुकान में रखा सेनेटरी सामान, पेंट की बड़ी बाल्टियां, इलेक्ट्रिक सामग्री और हार्डवेयर के उपकरण सहित करोड़ों रुपए का स्टॉक जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गुरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी करणबीर सिंह बुर्ज, कांग्रेस नेता राजबीर सिंह भुल्लर, चेयरमैन गुरबीर सिंह झबाल, सोनू दोदे, पूरन सिंह झबाल, गुरराज सिंह झबाल और कामरेड अशोक कुमार सोहल भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।