Shimla, 22 October
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और वीरवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची पहाड़ियों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
22 और 23 अक्तूबर को राज्य के उच्च पर्वतीय और मध्यवर्ती इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं मैदानी जिलों — ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा — में मौसम साफ रहने और दिन के समय धूप खिलने के आसार हैं। राजधानी शिमला और इसके आसपास के इलाकों में भी ठंड का असर धीरे-धीरे तेज हो रहा है।मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेशभर में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोगों ने गर्म कपड़ों का उपयोग शुरू कर दिया है।सोमवार रात को दर्ज न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा — केलांग में 1.0°C, कुकुमसेरी में 2.1°C, ताबो में 2.9°C, कल्पा में 5.0°C, रिकांगपिओ में 7.9°C, मनाली में 8.4°C, धर्मशाला में 12.2°C और शिमला में 12.6°C।