मुंबई | भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावित प्रगति से निवेशकों में बढ़ती उम्मीदों के बीच बृहस्पतिवार को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 752.65 अंक बढ़कर 85,178 अंक पर और एनएसई निफ्टी 213.20 अंक की बढ़त के साथ 26,081 अंक पर खुला।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर लाभ में रहे। वहीं, इटर्नल और बजाज फिनसर्व के शेयर गिरावट में रहे।
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्की 225, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को कमजोर बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 2.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.19 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को सक्रिय रूप से खरीदारी की और शुद्ध रूप से 96.72 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। दिवाली और बलिप्रतिपदा के अवसर पर बुधवार को बाजार बंद रहे। मंगलवार को एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 84,426.34 अंक पर और निफ्टी 25.45 अंक या 0.10 प्रतिशत बढ़कर 25,868.60 अंक पर बंद हुआ था।