करनाल | राम नगर इलाके में आज सुबह एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गली में कोई राहगीर या बच्चा मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, धमाका उस गली में हुआ जहां गुब्बारे भरने वाले गैस सिलेंडरों में गैस भरी जाती थी। सुबह सिलेंडर भरने का काम पूरा हो चुका था और कुछ सिलेंडर बाहर रखे गए थे। गैस भरने वाला व्यक्ति काम पर जाने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर फट गया। सीसीटीवी फुटेज में धमाके के समय उठती हुई आग की लपटें साफ दिखाई दीं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक लोग सुन सके और कई घरों की खिड़कियां, दरवाजे और गाड़ियों के शीशे टूट गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर वे डर के मारे बाहर भाग आए। सिलेंडर पूरी तरह फट चुका था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह गैस भरने का काम बेहद खतरनाक है। उन्होंने पहले भी प्रशासन से शिकायत की थी और अब मांग कर रहे हैं कि ऐसे काम पर तुरंत रोक लगाई जाए।
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन हादसे के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल है। लोग अब यह जानने को बेचैन हैं कि जो नुकसान हुआ, उसकी भरपाई कैसे होगी।