अंबाला | हरियाणा-पंजाब सीमा पर मिला अधजला शव जिस बुजुर्ग महिला का था, उस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी अंबाला पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी वारदात महज 10 हजार रुपये की लेन-देन की विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि 70 वर्षीय महिला कुछ समय पहले आरोपियों को उधार पैसे दे चुकी थी। पैसे वापस मांगने पर कहासुनी हो गई, जिसके बाद बात विवाद में बदल गई। आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से महिला पर हमला किया, फिर चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को रिक्शे में डालकर एक सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया।
पुलिस ने किया खुलासा
महेशनगर थाना प्रभारी (SHO) जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत नहीं बल्कि पैसे को लेकर हुए विवाद में की गई। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।