रणवीर शौरी की कॉमिक-रोमांटिक फिल्म ‘जस्सी वेड्स जस्सी’ का ट्रेलर रिलीज, 7 नवंबर को होगी रिलीज
24 October, 2025
अभिनेता रणवीर शौरी की आने वाली फिल्म ‘जस्सी वेड्स जस्सी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म रोमांस, कॉमेडी और पंजाबी संस्कृति का रंगीन संगम पेश करती है।
फिल्म के मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, “एक नाम, ढेर सारी हंसी। प्यार, हंगामा और एक ट्विस्ट जो सब कुछ बदल देगा!2 मिनट 13 सेकंड लंबे ट्रेलर में रणवीर शौरी एक साड़ी की दुकान चलाने वाले मजेदार किरदार में नजर आ रहे हैं। कहानी जस्सी नाम की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी शादी एक नाम की समानता के कारण हास्य और भ्रम से भरे घटनाक्रम में बदल जाती है।फिल्म में सिकंदर खेर, हर्षवर्धन सिंह देव, रहमत रतन, मनु ऋषि चड्ढा, सुदेश लहरी और ग्रुशा कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘जस्सी वेड्स जस्सी’ का निर्देशन परन बावा ने किया है, जो ‘रंग दे बसंती’, ‘कार्तिक कॉलिंग कार्तिक’ और ‘अंग्रेजी मीडियम’ जैसी फिल्मों में सहायक कलाकार के रूप में काम कर चुके हैं। इस फिल्म के जरिए वे बतौर निर्देशक डेब्यू कर रहे हैं।फिल्म का निर्माण सोमा सिंह देओ और मजाहिर अब्बास ने किया है, जबकि परवेज आलम खान और ऋष राज सह-निर्माता हैं। संगीत आई.पी. सिंह, रेव शेरगिल, शिव कुमार बतालवी, प्रशांक बेवर और हर्षवर्धन सिंह देव ने तैयार किया है तथा कोरियोग्राफी ध्रुव धाला ने की है।कॉमेडी, ड्रामा और रोमांस के मिश्रण से सजी यह फिल्म दर्शकों को पारिवारिक मनोरंजन का भरपूर अनुभव देने का वादा करती है। ‘जस्सी वेड्स जस्सी’ 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।