बहादुरगढ़ | रोहित गोदारा गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को हरियाणा STF ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार ये तीनों आरोपी लंबे समय से गैंग की फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट संभाल रहे थे और अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में हमलावरों तक 3 लाख रुपए पहुंचाने में शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनीपत के पिपली खेड़ा निवासी हैप्पी, मयूर विहार निवासी हिमांशु और मुरथल रोड का विकास नगर निवासी सुनील शामिल हैं। उन्हें अदालत में पेश किया गया और दो दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले किया गया है। STF की टीम उनसे गहन पूछताछ कर रही है और गैंग के वित्तीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों का पता लगा रही है।
एसटीएफ प्रभारी निरीक्षक राकेश ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि 27 सितंबर 2025 को भिवानी से सीडीएम मशीन के जरिए हैप्पी के खाते में 3 लाख रुपए जमा किए गए थे। इस रकम का उपयोग गैंग की फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया गया। हैप्पी ने यह रकम अरुण और रविंद्र के कहने पर अन्य सहयोगियों सुनील और हिमांशु के खातों में ट्रांसफर की, जिन्हें बाद में एनकाउंटर में मारे गए अरुण और रविंद्र को सौंपा गया।
एसटीएफ बहादुरगढ़ यूनिट पिछले कई महीनों से रोहित गोदारा गैंग की गतिविधियों की जांच में जुटी है। 22 मई को थाना सदर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई के दौरान गैंग के अन्य दो सदस्यों विजय और रामदत्त को गिरफ्तार किया गया था, जिनके कब्जे से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए थे।
पुलिस का कहना है कि गैंग राज्य में युवाओं को धन के लालच में शामिल कर अपराध फैलाने की कोशिश कर रहा था। STF की गहन जांच से अब इस गैंग की वित्तीय चेन और अन्य अपराधियों का पता लगाने में मदद मिलेगी।