चंडीगढ़ | हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक करीब 5.30 लाख पात्र महिलाओं ने पंजीकरण करा लिया है। जिन महिलाओं ने 25 अक्टूबर तक पंजीकरण या फार्म जमा कर दिया होगा, उनके खाते में 1 नवंबर को 2,100 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे घर-घर जाकर सभी पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाएं और उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें।
पंजीकरण प्रक्रिया में सुविधा:
उपायुक्तों को कहा गया है कि वे ग्राम सचिव और पटवारी की मदद से पंजीकरण प्रक्रिया को तेज़ और आसान बनाएं। इसके अलावा, शनिवार और रविवार को भी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगे ताकि महिलाओं का पंजीकरण रुकावट के बिना हो सके।
हरियाणा सरकार के मुताबिक, राज्य में इस योजना के लिए कुल 20 लाख पात्र महिलाएं हैं। पंजीकरण के लिए महिलाएं मोबाइल ऐप ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का उपयोग कर सकती हैं। गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर आवेदन भरना होगा।
अधिकारी बताते हैं कि कुछ महिलाएं जानबूझकर पंजीकरण नहीं करा रही हैं क्योंकि आवेदन में कई जानकारियां मांगी गई हैं। सरकार का मानना है कि पहली किस्त मिलने के बाद पंजीकरण की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी।