हाजीपुर | हाजीपुर–तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित स्थवां रोली मोड़ के पास शनिवार तड़के एक कार जंगली जानवर से टकराकर अनियंत्रित हो गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जंगली जानवर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे कार (नंबर PB-54J-7403) हाजीपुर की दिशा से तलवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे एक जंगली जानवर से अचानक टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों की पहचान अमनदीप (20) पुत्र बलवीर सिंह और रोहित कुमार (23) पुत्र सुभाष चंद, निवासी गांव टोहलू, थाना तलवाड़ा, के रूप में हुई है। दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से मुकेरियां के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से रोहित कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना तलवाड़ा के एसएचओ सतपाल सिंह और एएसआई सिकंदर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।