फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में एतमादपुर पुल के पास नाले से बरामद हुए बीमा एजेंट चंदर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यह हत्या अवैध प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग के चलते की गई थी। पुलिस ने इस मामले में चंदर की प्रेमिका लक्ष्मी और उसके मंगेतर केशव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय लक्ष्मी दिल्ली के मीठापुर की रहने वाली है, जबकि 26 वर्षीय केशव दिल्ली के बुराड़ी स्थित संतोष नगर का निवासी है।
प्रेम-प्रसंग से शुरू हुई रंजिश ने ली जान
क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम की जांच में सामने आया कि चंदर और लक्ष्मी के बीच पिछले 4–5 वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान लक्ष्मी की सगाई केशव से हो गई। इसके बाद चंदर लगातार लक्ष्मी पर शादी के लिए दबाव डालने लगा और उसे केशव से रिश्ता तोड़ने के लिए धमकाने लगा।
ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर लक्ष्मी और उसके मंगेतर ने चंदर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
ऐसे रचा गया खौफनाक प्लान
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि 25 अक्टूबर (शनिवार) को लक्ष्मी ने चंदर को मीठापुर बुलाया और उसे भरोसे में लेकर बाइक पर एतमादपुर के सुनसान इलाके में पहुंची। वहां पहले से घात लगाए बैठे केशव अपने दो साथियों के साथ मौजूद था। आरोपियों ने पहले रस्सी से गला घोंटा और फिर उसके सिर पर वार किया। हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया और बाइक वहीं छोड़ दी ताकि मामला हादसा लगे।
पुलिस को कैसे मिला सुराग
रविवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पल्ला थाना पुलिस ने एतमादपुर पुल के पास नाले से शव बरामद किया। मृतक की पहचान बीमा एजेंट चंदर के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ी और मंगलवार को प्रेमिका लक्ष्मी और उसके मंगेतर केशव को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।