पानीपत | शहर में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के शिवपुरी हनुमान मंदिर के पास नहर में शनिवार दोपहर एक नवजात बच्ची का शव तैरता हुआ मिला। नहर में शव दिखने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जनसेवा दल की टीम की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही नहर में फेंका गया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।