रोहतक। भारतीय बॉक्सर अमित पंघाल आज रविवार को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी बारात गांव मायना से जींद के लिए रवाना होगी, जहां वे अंशुल श्योकंद के साथ सात फेरे लेंगे। शादी का मुख्य समारोह जींद के एक निजी होटल में होगा, जिसमें पारंपरिक हरियाणवी रीति-रिवाजों के अनुसार सभी रस्में निभाई जाएंगी।
शनिवार को अमित के घर पर मेहंदी की रस्म धूमधाम से संपन्न हुई। इस मौके पर परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों ने जमकर जश्न मनाया। उनकी भाभी प्रीति ने उन्हें मेहंदी लगाई।
जानकारी के मुताबिक, अमित ने अपनी शादी के लिए यूके से खास शेरवानी मंगवाई है, जबकि उनके भाई वरुण पंघाल उनके लिए उसी से मेल खाती जूती लेकर आए हैं। दुल्हन अंशुल श्योकंद ने भी दिल्ली के मशहूर डिजाइनर से लहंगा डिजाइन करवाया है।
शादी के बाद 4 नवंबर को रोहतक के एक निजी होटल में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य के कई मंत्री, सांसद, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र सहित कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
मेहमानों के स्वागत के लिए अमित के पसंदीदा खीर और चूरमे का विशेष मेन्यू तैयार किया गया है।