इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने शनिवार को दावा किया कि एक पाकिस्तानी मछुआरे को भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस्लामाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तरार ने बताया कि मछुआरे की पहचान एजाज मल्लाह के रूप में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मल्लाह को भारतीय एजेंसियों ने पाकिस्तानी सेना, नौसेना और सिंध रेंजर्स की वर्दियां, पाकिस्तानी मुद्रा, सिगरेट, माचिस, लाइटर और सिम कार्ड खरीदने के लिए मजबूर किया था।
तरार के मुताबिक, सितंबर में जब मल्लाह मछली पकड़ने गया था, तब उसे भारतीय तटरक्षक बल ने पकड़ लिया। मल्लाह से कहा गया कि अगर वह भारत के लिए जासूसी करेगा तो उसे छोड़ दिया जाएगा, अन्यथा उसे 2-3 साल जेल में रहना पड़ेगा।
तरार ने आगे कहा, “आखिरकार इस साधारण मछुआरे को छोड़ दिया गया और उसे पाकिस्तान भेजा गया, जहां उसे सुरक्षा बलों की वर्दियां और अन्य वस्तुएं खरीदने को कहा गया।”
पाकिस्तानी मंत्री ने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने उस पर नज़र रखना शुरू कर दिया जब उसने इन वस्तुओं को खरीदने की कोशिश की।
उन्होंने दावा किया कि मल्लाह को तब पकड़ा गया जब वह सभी खरीदी गई वस्तुओं के साथ भारत लौटने की कोशिश कर रहा था। तरार ने कहा कि यह घटना “भारत की खुफिया एजेंसियों द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ दुष्प्रचार युद्ध की साजिश का हिस्सा है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तरार ने बरामद वस्तुओं की तस्वीरें दिखाईं और मल्लाह के कथित इकबालिया बयान का वीडियो भी जारी किया, जिसमें वह यह कहता दिख रहा है कि उसे भारतीय एजेंसियों ने समुद्र में मछली पकड़ते समय गिरफ्तार किया था।