पटना | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पटना में भव्य रोड शो करेंगे और बिहार के कई जिलों में राजग उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 2 नवंबर को भोजपुर, नवादा और आरा में चुनावी रैलियां करेंगे, जिसके बाद शाम 5 बजे पटना के दिनकर चौक से गांधी मैदान तक रोड शो का आयोजन होगा।
भाजपा नेताओं ने बताया कि 3 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी कटिहार और सहरसा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जहां वे सीमांचल और कोसी क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद करेंगे। इसके अलावा, 6 नवंबर को प्रधानमंत्री भागलपुर पहुंचकर अररिया जिले के फारबिसगंज में एक और सभा करेंगे।
पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री की इन सभाओं से राज्यभर में चुनावी माहौल और जोश में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने महिला मतदाताओं को केंद्र में रखकर 4 नवंबर को एक विशेष संवाद कार्यक्रम तैयार किया है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी बिहार की महिलाओं से सीधे संवाद करेंगे, जिसमें वे महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और एनडीए सरकार की विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
पार्टी का मानना है कि यह कार्यक्रम महिला मतदाताओं के बीच भाजपा के प्रति समर्थन को और मजबूत करेगा, क्योंकि “महिलाएं भाजपा की सच्ची शक्ति और स्थायी वोट बैंक” हैं।