अमृतसर | पंजाब में एक बार फिर बेअदबी का मामला सामने आया है। ताज़ा घटना थाना लोपोके के गांव शहूरा की है, जहां गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान का गंभीर आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मेजर सिंह के घर में अखंड पाठ का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान रविवार तड़के करीब 3 बजे एक प्रवासी मजदूर राजू ने पाठ कर रहे ग्रंथी सिंह और गुरु ग्रंथ साहिब की दिशा में चप्पल फेंक दी। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी के प्रधान तरलोचन सिंह सोहल और बाबा सतनाम सिंह ने बताया कि यह बेअदबी की बेहद निंदनीय घटना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान मेजर सिंह का परिवार आरोपी को घर से भगा देता है, लेकिन बाद में ग्रंथी सिंह ने घटना की जानकारी सत्कार कमेटी और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कमेटी के सदस्यों ने आरोपी राजू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही, घटना को छिपाने के आरोप में मेजर सिंह के तीन बेटों — जगजीत सिंह, सुखजीत सिंह और गुरप्रीत सिंह — को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।