अमृतसर। अमृतसर ग्रामीण पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा भेजे गए हथियारों की एक खेप बरामद की है। पुलिस ने दो एके-47 राइफलें, एक पिस्तौल और 285 कारतूस जब्त किए हैं। यह हथियार रामदास थाना क्षेत्र के कोनेवाल गांव के पास खेतों में एक बैग में छिपाए गए थे। यह इलाका रावी नदी के बेहद करीब स्थित है।
अमृतसर (ग्रामीण) के एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि हथियार बरामद करने आए लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, एक ग्राम रक्षा समिति (वीडीसी) के सदस्य ने पुलिस को सूचना दी थी कि धुस्सी बांध के पास एक संदिग्ध बैग पड़ा है। सूचना पर डीएसपी जीपीएस नागरा और सब-इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और तलाशी के दौरान बैग से दो एके-47 राइफलें, आठ मैगज़ीन, एक पिस्तौल और कुल 285 कारतूस बरामद किए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हथियार खालिस्तानी आतंकी संगठन बीकेआई के सरगना हरविंदर सिंह रिंदा द्वारा भेजे गए थे और इन्हें कुख्यात गैंगस्टर जीवन फौजी के गुर्गों तक पहुंचाया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि हथियारों की यह खेप पाकिस्तानी तस्करों ने रावी नदी पार कर भारत में छिपाई थी। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खेप को ड्रोन के ज़रिए भेजा गया था या किसी अन्य माध्यम से।
यह पिछले डेढ़ महीने में अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा बरामद किया गया तीसरा बड़ा हथियार जखीरा है। इससे पहले पुलिस छह हैंड ग्रेनेड, एक रॉकेट प्रोपेलेंट ग्रेनेड (RPG), पांच किलोग्राम आरडीएक्स और दो IED भी जब्त कर चुकी है।