नई दिल्ली | कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बड़े पैमाने पर “वोट चोरी” हुई है और करीब 25 लाख वोट फर्जी तरीके से डाले गए।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की जांच में 1.24 लाख से अधिक मतदाता ऐसे पाए गए जिनकी तस्वीरें फर्जी थीं, जबकि कई मतदाताओं के पते संदिग्ध या अस्तित्वहीन निकले। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में हर आठवां वोटर असली नहीं है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने एग्जिट पोल के हवाले से कहा कि हरियाणा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जीत के संकेत थे, लेकिन नतीजे उलटे आए। उन्होंने कहा, “यह कोई स्थानीय गड़बड़ी नहीं बल्कि एक संगठित, सेंट्रलाइज्ड ऑपरेशन है जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।”
कांग्रेस नेता ने कुछ मतदाताओं के उदाहरण भी दिए। उन्होंने बताया कि “डालचंद नामक व्यक्ति और उसका बेटा हरियाणा और यूपी दोनों जगह वोटर हैं। ऐसे हजारों फर्जी नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं।” राहुल ने मथुरा के एक सरपंच के नाम का भी जिक्र किया जो हरियाणा की कई सीटों पर वोटर लिस्ट में दर्ज बताया गया।
उन्होंने एक महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि “एक ही व्यक्ति ने 10 अलग-अलग नामों से 22 बार वोट डाला। जांच में सामने आया कि वह महिला असल में ब्राजील की मॉडल है।”
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के पास तथ्यों से भरी ‘H फाइल्स’ मौजूद हैं, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि चुनावी प्रक्रिया में व्यापक हेराफेरी की गई। उन्होंने कहा, “हमारा संदेह है कि यह केवल राज्य स्तर पर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रहा है।”
गांधी ने यह भी बताया कि कई इलाकों में 500 से अधिक वोटरों का एक ही मकान नंबर दर्ज मिला। उन्होंने इसे “लोकतंत्र पर सीधा हमला” करार दिया।
इससे पहले भी राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह मतदाताओं के अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा था कि “महादेवपुरा खुलासा तो सिर्फ एटम बम था, असली ‘हाइड्रोजन बम’ वोट चोरी का है।”
कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के एजेंडे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने अपने पहले लगाए गए आरोपों के समर्थन में विस्तृत सबूत और उदाहरण पेश किए।