नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास सोमवार शाम एक i20 कार में हुए शक्तिशाली धमाके से पूरा इलाका दहशत में आ गया। विस्फोट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने जताई संवेदना, लिया घटनाक्रम का पूरा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा –
“दिल्ली में आज शाम हुए विस्फोट में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं।”
पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और शीर्ष अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा भी की।
कार में धमाका, कई वाहन जले
सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब सात बजे सुभाष मार्ग पर लाल किले के सामने स्थित चौराहे पर i20 कार में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एनआईए और एनएसजी को जांच के लिए भेजा गया
प्रधानमंत्री ने घटना के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की और पूरी जानकारी ली। अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं।
महाराष्ट्र में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली धमाके के बाद मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में पुलिस यूनिट्स और कमिश्नरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। महत्वपूर्ण सरकारी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।