पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार में चुनाव प्रचार अभियान पूरा करने के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आतंकवाद और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से काम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकियों के नेटवर्क को खंगालने के लिए हरियाणा पुलिस केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि फरीदाबाद के धौज में एक डॉक्टर के किराए के मकान से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इस दौरान पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए आतंकी साजिश को नाकाम किया।
25 नवंबर को हरियाणा आएंगे प्रधानमंत्री मोदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र आएंगे, जहां वे गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समापन समारोह में शामिल होंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गीता जयंती महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हरियाणा में “25 लाख वोट चोरी” के आरोपों पर मुख्यमंत्री सैनी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले राजनीति की पाठशाला में जाकर सीखना चाहिए कि राजनीति कैसे की जाती है।
सैनी ने कहा, “कांग्रेस को पहले आत्ममंथन करना चाहिए कि उसके वोट क्यों घट रहे हैं। हरियाणा की जनता जानती है कि कांग्रेस की सरकार उसकी अपनी गुटबाजी के कारण नहीं बनी।”
कांग्रेस की गुटबाजी पर भी बोले सैनी
सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का कोई ठोस जनाधार नहीं बचा है। पार्टी अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है और कई धड़ों में बंट चुकी है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए गठबंधन की जीत तय है और कांग्रेस को वहां जनता ने नकार दिया है।
विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य में जर्जर सड़कों के सुधार कार्य जल्द शुरू होंगे। हरियाणा में 2410 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण 4827 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश और प्रदेश के विकास को लेकर सतत प्रयासरत हैं, जिससे विपक्षी दलों में बौखलाहट देखी जा रही है।