Summer express, भूपेंद्र ठाकुर, सोलन,। सोलन में बीडीओ कार्यालय के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर बाइक, कार और कैंटर ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक बाइक स्किड होकर सड़क पर गिर गई थी। इसके बाद पीछे से आ रही कार बाइक और ट्रक से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक के सड़क पर गिरने के बाद बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही थी। इस दौरान बाइक के पीछे कैंटर ट्रक रुका हुआ था। तभी शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अप्लाइड फॉर कार ने पीछे से बाइक और ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। हादसे के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, दुर्घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि भी नहीं हुई है।